खैरागढ़/केसीजी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से राजा फतेह सिंह मैदान, खैरागढ़ में स्कूली वाहनों का विशेष भौतिक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान जिले के 21 स्कूल बस एवं वैन की सुरक्षा संबंधी मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल भगत ने केसीजी पुलिस के साथ मिलकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं यातायात नियमों के अनुरूप वाहनों का सत्यापन किया। जांच में वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), बीमा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास द्वार सहित अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कुछ वाहनों में आवश्यक कमियां पाई गईं। संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को दो दिनों के भीतर सभी खामियों को दूर कर पुनः निरीक्षण के लिए वाहन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के भीतर सुधार नहीं होने पर संबंधित स्कूल वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं परिचालकों को अग्निशमन यंत्र के आपातकालीन उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
केसीजी पुलिस ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।



