खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ के बी.एससी. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने रसायनशास्त्र विषय के परीक्षा परिणाम में संभावित गड़बड़ी को लेकर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपा है। इसी मुद्दे को लेकर आज खैरागढ़ के मुख्य मार्ग पर विद्यार्थियों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
वीडियो देखें..
https://www.facebook.com/share/v/16CARjbhAWH/
ज्ञापन के अनुसार, महाविद्यालय में बी.एससी. अंतिम वर्ष में करीब 184 नियमित एवं 74 प्राइवेट विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सामने आया कि रसायनशास्त्र विषय की दोनों उत्तर पुस्तिकाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को असामान्य रूप से कम अंक मिले हैं। आंकड़ों के अनुसार 184 नियमित विद्यार्थियों में से 84 और 74 प्राइवेट विद्यार्थियों में से 53 विद्यार्थी इसी एक विषय में पूरक परीक्षा की स्थिति में आ गए हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि एक ही विषय में इतनी बड़ी संख्या में परिणाम प्रभावित होना मूल्यांकन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, अंकों के संकलन और परिणाम तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, पुनर्जांच का परिणाम शीघ्र घोषित किया जाए और पूरक परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए।
गौरतलब है कि विद्यार्थियों ने इससे पहले 16 जुलाई को महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर पुनर्जांच की मांग की थी, लेकिन अपेक्षित समाधान न मिलने से विद्यार्थियों में निराशा बढ़ती गई, जिसके चलते आज उग्र प्रदर्शन की स्थिति बनी। चक्काजाम में रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ के साथ ही रानी अवंतीबाई लोधी महाविद्यालय छुईखदान के छात्र भी सड़क पर उतर आए। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र नेता भी मौजूद रहे।
फिलहाल मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



