खैरागढ़। खैरागढ़ के पास मुतैड़ा नदी किनारे शनिवार को संदिग्ध लोगों के जमावड़े से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार नदी किनारे दर्जनभर से अधिक बाहरी लोग पहुंचे थे। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलते ही कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वहां मौजूद अधिकांश लोग भाग निकले।
ग्रामीणों ने कुछ लोगों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए लोगों के पास सफेद कपड़ा और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री भी मिली है। ग्रामीणों का दावा है कि ये लोग नदी किनारे धन निकालने के उद्देश्य से पहुंचे थे, हालांकि वास्तव में मामला क्या है और वहां किसी प्रकार का धन मौजूद था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुतैड़ा नदी क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी दो बार इसी तरह संदिग्ध लोगों के पहुंचने की बात सामने आ चुकी है। तीसरी बार ऐसी घटना सामने आने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए लोगों से पूछताछ और पूरे मामले की वास्तविकता सामने आने का इंतजार है। क्या वाकई नदी किनारे धन निकालने की कोशिश हो रही थी या मामला कुछ और है? यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
“मुतैड़ा नदी किनारे दर्जनभर संदिग्ध लोग! ग्रामीण पहुंचे तो मची भगदड़, कुछ पकड़े गए… पूजा सामग्री भी मिली”



