राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव में होने वाली गणेश विसर्जन झांकी का कार्यक्रम बारिश के चलते एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। लगातार हो रही बारिश और शहर में बनी परिस्थितियों को देखते हुए झांकी समितियों ने शुक्रवार को बैठक कर यह निर्णय लिया। अब गणेश विसर्जन की भव्य झांकी शनिवार 26 सितंबर को निकाली जाएगी।
बारिश के चलते लिया गया निर्णय
शुक्रवार दोपहर शीतला मंदिर परिसर में विभिन्न झांकी समितियों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में लगातार हो रही बारिश, झांकी मार्ग की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से शुक्रवार को प्रस्तावित झांकी को स्थगित कर शनिवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। वहीं झांकियों की सजावट, विद्युत व्यवस्था और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
अब 26 सितंबर को निकलेगी झांकी
राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी को देखने के लिए शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। अब शनिवार को शहर में एक बार फिर गणेश झांकियों का भव्य नजारा देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम की नई तारीख को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा, यातायात तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाने की संभावना है।
बारिश के कारण कार्यक्रम जरूर एक दिन टला है, लेकिन अब श्रद्धालुओं की नजर 26 सितंबर को होने वाली भव्य गणेश विसर्जन झांकी पर है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही

