खैरागढ़। बिजली कटौती और अल्प वर्षा से परेशान किसानों ने शुक्रवार को जिला किसान संघ KCG के नेतृत्व में इतवारी बाजार से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। कलेक्ट्रेट के सामने पुलिस ने किसानों की रैली को रोक दिया, जिसके बाद मौके पर किसानों में नाराजगी देखने को मिली।
किसान नेता सुदेश टीकम ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को सीधे संवाद करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसानों का ज्ञापन लेने के लिए जिला प्रशासन के बड़े अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे।
वीडियो देखें ...
https://www.facebook.com/share/v/1C1XVZ53Hj/
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर और नायब तहसीलदार ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन सुदेश टीकम ने यह कहते हुए ज्ञापन देने से इनकार कर दिया कि जब तक कलेक्टर या अपर कलेक्टर मौके पर नहीं आएंगे, तब तक ज्ञापन नहीं सौंपा जाएगा। काफी देर इंतजार के बाद भी जिले का कोई बड़ा अधिकारी किसानों से मिलने नहीं पहुंचा।
इसके बाद नाराज किसानों ने अपना आवेदन कलेक्ट्रेट की दीवार पर चस्पा कर दिया और वापस लौट गए। किसान नेताओं ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और उनकी मांगों पर गंभीरता से सुनवाई नहीं हुई, तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बताया गया कि बाजार अतरिया क्षेत्र में अल्प वर्षा के कारण किसान पहले से ही परेशान हैं। वहीं लगातार बिजली कटौती के चलते सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे किसानों की फसल प्रभावित हुई है।प्रदर्शन के दौरान किसान नेता सुदेश टीकम,चंदू साहू, अवधेश परिहार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। अब किसानों के अल्टीमेटम के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है, यह देखने वाली बात होगी।


