खैरागढ़। अल्प वर्षा के कारण बाजार अतरिया क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने से चिंतित दर्जनभर किसानों ने गुरुवार को छुईखदान स्थित जल संसाधन संभाग कार्यालय पहुंचकर कार्यपालन अभियंता बीके मरकाम से मुलाकात की।
किसानों ने कार्यपालन अभियंता के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए समय पर नहर के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया। किसानों का कहना था कि क्षेत्र में बारिश कम होने के कारण खेती प्रभावित हो रही है और फसलों को बचाने के लिए सिंचाई के पानी की तत्काल आवश्यकता है।
इस पर कार्यपालन अभियंता बीके मरकाम ने किसानों को आश्वासन दिया कि एक दिन बाद नहर के माध्यम से करीब 60 प्रतिशत पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद अन्य गांवों में जलापूर्ति किए जाने के पश्चात लगभग तीन दिन बाद 100 प्रतिशत पानी नहर के माध्यम से उपलब्ध कराने की बात कही गई।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने उम्मीद जताई कि समय पर पानी मिलने से उनकी फसलों को राहत मिल सकेगी।
इस दौरान किसान धनवा साहू, गेंदा पाल, सालिक पाल, लोकेश महाराज, राधेलाल जंघेल, चंदू वर्मा, हेमंत वर्मा, जागेन्द्र मानिकपुरी और सूरज गुप्ता सहित अन्य किसान मौजूद रहे।


