खैरागढ़–गंडई। क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सेवा सहकारी समिति लिमो को पृथक कर नवीन सोसायटी ढाबा का गठन किया है। इस नई व्यवस्था से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री द्वारा इसका विधिवत वर्चुअल शुभारंभ किया गया, जिसमें सहकारिता मंत्री केदार कश्यप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं किसानों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में केसीजी जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्भन ताम्रकार, सांसद प्रतिनिधि राकेश ताम्रकार तथा ग्राम पंचायत की सरपंच पम्मी वर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खम्भन ताम्रकार ने कहा कि नई सोसायटी के प्रारंभ से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और सहकारी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस दौरान समिति प्रबंधक यशवंत वर्मा, ऑपरेटर त्रिभुवन वैष्णव, लिमो समिति के अध्यक्ष सुकदेव पटेल सहित बोधराज देवांगन, लेखन वर्मा, जगेशर वर्मा और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल का स्वागत किया।


