Khairagarh. केसीजी पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साल्हेवारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंसेला मंदिर के पास जंगल, ग्राम नवागांव में जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹14,160 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कंसेला मंदिर के समीप जंगल में कुछ लोग रुपये का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बालाराम झारिया (50) निवासी खादी, किशन झारिया (37) निवासी आमगांव, कमलेश झारिया (31) निवासी सहसपुर, मोहम्मद दिलदार खान (28) निवासी बहेरभाठा, घनश्याम पटेल (37) निवासी खादी तथा अमीर खान (27) निवासी रेंगाखार, थाना साल्हेवारा, जिला केसीजी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल ₹14,160 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त किया। इस मामले में थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 25/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



