खैरागढ़। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यूजर चार्ज संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड खैरागढ़ की ग्राम पंचायत अवेली ने 330 परिवारों में से 306 परिवारों से एक वर्ष का ₹240 प्रति परिवार के हिसाब से कुल ₹73,440 का स्वच्छता (यूजर) शुल्क संग्रह कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पंचायत का दावा है कि यह संग्रहण लगभग 92 प्रतिशत परिवारों से किया गया है।
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, यह उपलब्धि जनजागरूकता अभियान, घर-घर संपर्क और ग्रामीणों की सहभागिता से संभव हो सकी। अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता शुल्क के महत्व तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
इस अभियान में सरपंच दुर्गाबाई सेन, सचिव चिंताराम वर्मा, उपसरपंच कमलेश यादव तथा पंचायत के पंचों और स्वच्छता से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत खैरागढ़ द्वारा विकासखंड की सभी 114 ग्राम पंचायतों में यूजर चार्ज संग्रह और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अधिकारियों के अनुसार, ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, स्वच्छग्राहियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं स्वयं सहायता समूहों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।
वर्तमान में ग्राम पंचायत अवेली में सप्ताह में एक दिन नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। जनपद पंचायत का लक्ष्य जुलाई माह के अंत तक विकासखंड की अधिकांश ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक परिवारों से यूजर चार्ज संग्रह सुनिश्चित कर स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना है।

