खैरागढ़/छुईखदान। जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। युवक की तलाश के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी बुलाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुईखदान निवासी तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के उद्देश्य से छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों जलाशय में नहाने के लिए उतर गए। नहाते-नहाते वे गहरे पानी की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे जलाशय के अधिक गहरे हिस्से में पहुंच गए।
इसी दौरान तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। हालांकि, दो युवक किसी तरह संघर्ष करते हुए बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन उनके साथ मौजूद लक्ष्य पाल (17 वर्ष), पिता संजय पाल, निवासी छुईखदान, गहरे पानी में समा गया और बाहर नहीं निकल सका।
घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार जलाशय की अधिक गहराई और पानी की स्थिति को देखते हुए विशेष बचाव दल एसडीआरएफ को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद आधुनिक उपकरणों की मदद से दोबारा सघन खोज अभियान चलाया जाएगा।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गौरतलब है कि छिंदारी बांध में इससे पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन द्वारा लगातार सावधानी बरतने और गहरे पानी में नहीं उतरने की अपील की जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग जोखिम उठाकर जलाशय के गहरे हिस्सों में चले जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
घटना के बाद युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी चिंता और दुख का माहौल है।
क्या बोलीं थाना प्रभारी?
थाना प्रभारी बिलकिस बेगम ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों द्वारा युवक की तलाश लगातार जारी है। एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, जिसके पहुंचने के बाद खोज अभियान को और तेज किया जाएगा।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


