राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताकर अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा ट्रांसपोर्टर को अवैध खनन के नाम पर डराकर पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को ग्राम दर्री निवासी रामसिंह राजपूत ने थाना डोंगरगांव में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करता है। उसने बताया कि ग्राम आमगांव में किसान यशवंत साहू के खेत में जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से खेत मरम्मत एवं मिट्टी समतलीकरण का कार्य चल रहा था।
इसी दौरान दोपहर करीब 2:58 बजे स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 PN 1413 में सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताया और प्रार्थी तथा उसके ड्राइवर को अवैध खनन का मामला बताकर कार्रवाई एवं बदनामी की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने 10 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण प्रार्थी ने आरोपियों के बताए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन माध्यम से 6 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस सक्रिय हुई और कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर स्विफ्ट कार सहित तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रवि शर्मा, रेहाना बेगम और शेख अरमान के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ के दौरान रेहाना बेगम ने स्वयं को पत्रकार बताया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 204, 308(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
राजनांदगांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शासकीय अधिकारी बनकर डराने, धमकाने या अवैध वसूली का प्रयास करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।


