खैरागढ़। आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के निर्माण के लिए तहसील खैरागढ़ के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नियुक्त क्षेत्र पदाधिकारियों का एक दिवसीय सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद पंचायत खैरागढ़ के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य डीसीएचबी तैयार करने के लिए आवश्यक आंकड़ों के संकलन, अभिलेख संधारण तथा प्रपत्रों को सही तरीके से भरने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर तथा डिप्टी कलेक्टर एवं चार्ज अधिकारी पूजा पींचा भी मौजूद रहीं।
अपने संबोधन में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि जनगणना 2027 देश का एक महत्वपूर्ण सांख्यिकीय और प्रशासनिक कार्य है। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण में क्षेत्र पदाधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले की वास्तविक और अद्यतन जानकारी का सटीक संकलन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण खैरागढ़ चार्ज क्षेत्र के 80 क्षेत्र पदाधिकारी तथा खैरागढ़, छुईखदान और गंडई नगर क्षेत्र से एक-एक क्षेत्र पदाधिकारी शामिल हुए। प्रतिभागियों को जनगणना 2027 से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों, ग्राम निर्देशिका अनुसूची, डीसीएचबी के लिए आवश्यक आंकड़ों के संकलन तथा डेटा एंट्री की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का संचालन कवीन्द्र रंगारी और उमेद राम पटेल ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराया तथा प्रपत्रों के सही एवं त्रुटिरहित संधारण पर विशेष जोर दिया।



