खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केसीजी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना ठेलकाडीह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 47 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ग्राम ठेलकाडीह से मरकामटोला खार की ओर सफेद प्लास्टिक बोरी में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर ग्राम मरकामटोला खार के पास संदिग्ध को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तीजू यादव (32 वर्ष), पिता मुकूंद लाल यादव, निवासी ग्राम सिंगारपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 47 पौवा सवा शेरा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 8.460 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 3,760 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने आरोपी से शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गवाहों की उपस्थिति में शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना ठेलकाडीह में अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 18 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
केसीजी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


