राजनांदगांव | पारीनाला दरगाह में 21 से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित उर्स कार्यक्रम को शांति, सौहार्द एवं सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, लगन एवं तत्परता के साथ करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा और आमजन में सुरक्षा व विश्वास का माहौल कायम किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कर्मियों की सराहना करते हुए कहा—
“आपकी निष्ठा, त्याग और कर्तव्यपरायणता ही पुलिस विभाग की वास्तविक ताकत है। आपने जिस समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।”
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, अनुशासन और सेवा भावना बनाए रखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखना ही पुलिस की पहचान है, और सभी कर्मियों ने इस पहचान को और मजबूत किया है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली तथा उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को भी संवेदनशीलता से सुना। साथ ही उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपने बीच पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति से सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गौरवान्वित नजर आए। सम्मान प्राप्त कर उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी इसी समर्पण व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो, पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम एवं एंब्रोस कुजूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया जाता है, जिससे वे और अधिक उत्साह और निष्ठा के साथ समाज की सेवा कर सकें।


