खैरागढ़। किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन दिलाने का झांसा देकर ₹16.40 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को बैंक कर्मचारी बताकर किसानों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल सलोनी भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनाराम जंघेल (55 वर्ष), निवासी ग्राम गर्रा, थाना छुईखदान ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि अर्पित देवांगन (28 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक, राजनांदगांव ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन स्वीकृत कराने और बैंक में लोन राशि जमा कराने का झांसा दिया। आरोपी ने विश्वास में लेकर प्रार्थी से कुल ₹16,40,000 की रकम ले ली, लेकिन न तो लोन दिलाया और न ही राशि वापस की।
शिकायत के आधार पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 261/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना छुईखदान पुलिस और साइबर सेल, जिला केसीजी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के बाद आरोपी अर्पित देवांगन को 16 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को उपजेल सलोनी न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
केसीजी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंकिंग या लोन संबंधी किसी भी प्रक्रिया में केवल अधिकृत बैंक अधिकारियों और शाखाओं से ही संपर्क करें। किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस एवं साइबर सेल, जिला केसीजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


