खैरागढ़। खैरागढ़ विकासखंड के बाजार अतरिया में इस वर्ष पहली बार सदगुरु कबीर साहब के 628वें प्राकट्य उत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। यह आयोजन 29 जून 2026 (सोमवार) को सदगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन, आमीन माता महिला मंडल, नवयुवक मंडल एवं समस्त क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे गुरु महिमा पाठ से होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सत्यनाम धुन, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और सदगुरु कबीर साहब के मानवता, प्रेम, भाईचारा, सद्भाव, नशामुक्ति, तनावमुक्त जीवन तथा आदर्श समाज निर्माण के संदेश का प्रसार करेगी।
आयोजकों ने बताया कि सदगुरु कबीर साहब की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं। उनका संदेश आपसी प्रेम, समानता, सदाचार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ परिवारों में सुख-शांति स्थापित करने की प्रेरणा देता है। इसी उद्देश्य से प्राकट्य उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके विचारों से प्रेरित हो सकें।
उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन-भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, कबीर प्रेमियों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने तथा सदगुरु कबीर साहब के मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।


