खैरागढ़। केसीजी जिले के छुईखदान जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत साखा में पंचायत सचिव के तबादले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों ने सचिव के स्थानांतरण का विरोध करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के नाम ज्ञापन सौंपकर उन्हें ग्राम पंचायत साखा में ही यथावत पदस्थ रखने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत साखा के सचिव का अचानक स्थानांतरण कर दिया गया, जिसकी जानकारी ग्रामवासियों और पंचायत के पंचों को पहले नहीं दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान सचिव का कार्य संतोषजनक रहा है। उनका व्यवहार भी ग्रामवासियों के प्रति अच्छा है और उनके खिलाफ किसी प्रकार की शिकायत नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सचिव का तबादला निरस्त किया जाए और उन्हें ग्राम पंचायत साखा में ही यथावत पदस्थ रखा जाए।
इस मांग के समर्थन में ग्रामीणों, पंचों, सरपंच और उपसरपंच के हस्ताक्षर भी ज्ञापन में शामिल किए गए हैं।
फिलहाल सचिव के तबादले को लेकर ग्राम पंचायत साखा में ग्रामीणों का विरोध खुलकर सामने आया है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की मांग पर जिला पंचायत और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी क्या निर्णय लेते हैं।
इस दौरान सरपंच कपिनाथ महोबिया सहित समस्त पंचगण और जनपद सदस्य सहित ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया जहा विक्रांत सिंह ने यथावत रखने का आश्वाशन दिया।




