खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना छुईखदान पुलिस ने ग्राम पुरेना में जुआ खेल रहे लोगों पर दबिश देकर दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से कुल ₹4650 नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ फड़ जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुरेना में स्कूल के पास मैदान में कुछ लोग ताश के माध्यम से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमार कार्रवाई की।
पहले मामले में पुलिस ने जीतलाल जंघेल, लेखराम घुरवे और सूर्यकांत चंदेल को गिरफ्तार किया, जिनके पास से ₹2150 नगद, ताश की गड्डी और जुआ फड़ जब्त किया गया।
वहीं दूसरे स्थान पर चल रहे जुए के अड्डे से खेमलाल जंघेल, अजय कुमार घुरवे, आजाय जांगड़ और मनोहर वर्मा को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से ₹2500 नगद और ताश की गड्डी बरामद की गई।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


