राजनांदगांव जिले के थाना लालबाग क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत पारधी (38 वर्ष), निवासी ग्राम कविराज टोलागांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना लालबाग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाया गया, जिसके बाद संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया।
जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का अपनी पत्नी पूर्णिमा पारधी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया गया कि बीते एक वर्ष से महिला अपने रिश्तेदार के साथ रह रही थी, जिससे आरोपी नाराज था।
घटना के दिन सुबह महिला जब शौच के लिए घर से बाहर निकली, तभी आरोपी वहां पहुंचा और धारदार हथियार (टंगिया) से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन और कपड़े बरामद कर लिए हैं।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।


