खैरागढ़। खैरागढ़ थाना क्षेत्र के टेकापार खुर्द गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला के गंभीर रूप से झुलसने और बाद में इलाज के दौरान मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय मंजू बघेल, पत्नी अजय बघेल के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मंजू के सास-ससुर, पति अजय और देवर सूरज खेत में काम करने चले गए थे। मंजू घर पर खाना बनाने के लिए रुकी थी। कुछ समय बाद सूरज खाना लेने घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसी की बाड़ी की ओर से घर के अंदर पहुंचने पर उसे बाथरूम से धुआं निकलता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर गए, जहां मंजू गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिली।
परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके साथ ही 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। महिला को सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मंजू और अजय का करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। मंजू आगे पढ़ाई कर शिक्षिका बनना चाहती थी। उसने इसी वर्ष प्री-बीएड परीक्षा दी थी और चयन सूची में उसका नाम भी आया था। परिजनों के अनुसार पढ़ाई जारी रखने को लेकर ससुराल पक्ष से चर्चा हुई थी। आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए फिलहाल पढ़ाई रोकने की बात कही गई थी।
पुलिस के अनुसार घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल और परिस्थितियों की जांच कर रही है।



