खैरागढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस द्वारा विजिबल पुलिसिंग के तहत व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर निगरानी रखी।
पुलिस द्वारा मुख्य बाजार, सराफा लाइन, बस स्टैंड सहित भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की गई। वहीं शहर के आउटर क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
गुंडा और निगरानी बदमाशों के घरों पर दबिश
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीम ने गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों और मौजूदगी की जांच की। पुलिस ने ऐसे लोगों को कानून व्यवस्था प्रभावित करने या किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
होटल, लॉज और ढाबों की जांच
अभियान के तहत थाना क्षेत्र के होटल, लॉज एवं ढाबों की भी जांच की गई। पुलिस टीम ने वहां ठहरने वाले लोगों के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही होटल, लॉज और ढाबा संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा आगंतुकों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान भी चलाया। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील भी की।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
केसीजी पुलिस के अनुसार आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विजिबल पुलिसिंग, कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।



