राजनांदगांव। जिले के चर्चित पर्यटन स्थल मनगटा स्थित एक निजी रिसॉर्ट में हुई दर्दनाक घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिसॉर्ट परिसर में लगी सजावटी लाइटिंग में करंट फैलने से एक 13 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। बालक अपने परिवार के साथ रिसॉर्ट में ठहरा हुआ था। इसी दौरान स्विमिंग पूल के आसपास लगाए गए डेकोरेटिव लाइट्स और बिजली तारों में अचानक करंट फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली व्यवस्था में तकनीकी खामी या तार कटने के कारण पूरा क्षेत्र करंट की चपेट में आ गया। जैसे ही बालक वहां पहुंचा, वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा।
परिजन और मौजूद लोग तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रिसॉर्ट प्रबंधन की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनगटा और आसपास संचालित कई रिसॉर्ट्स में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। खासकर स्विमिंग पूल जैसे संवेदनशील स्थानों पर बिजली की सजावट के दौरान उचित सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाते। यदि समय रहते वायरिंग और अर्थिंग की जांच की जाती, तो यह हादसा टल सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विद्युत विभाग की टीम भी तकनीकी जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि रिसॉर्ट प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद जिले के सभी रिसॉर्ट्स और पिकनिक स्पॉट्स की सुरक्षा जांच कराने की मांग तेज हो गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


