खैरागढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ केसीजी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी शराब बनाने और बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरागढ़ स्थित राजपूत होटल के पास एक किराए के मकान में कुछ लोग शराब में मिलावट कर अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां दो आरोपी शराब की बॉटलिंग और रीफिलिंग करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। पूछताछ के दौरान मामले में दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में भागवत वर्मा, त्रिलोक यादव, शक्ति नारायण सिंह और तिपेश कुमार सोनी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब में पानी मिलाकर उसे दोबारा पैक कर बिक्री कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 130 सीलबंद शराब की बोतलें, संदिग्ध तरल पदार्थ, बड़ी संख्या में ढक्कन, लेबल, होलोग्राम, खाली बोतलें और बॉटलिंग में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त शराब और सामग्री की कुल कीमत लगभग 22 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
केसीजी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।


