खैरागढ़ पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2,920 रुपए नगद एवं जुआ संबंधी सामग्री जप्त की गई है।
जानकारी के अनुसार खैरागढ़ थाना पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 मई 2026 को पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक 12 अमलीपारा स्थित वेसलियन स्कूल के पीछे दबिश दी। मौके पर कुछ युवक 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से चार जुआरियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तिलक चन्द्राकर (26 वर्ष), कुन्दन साहू (21 वर्ष), रवि चन्द्राकर तथा शुभम वर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी खैरागढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2,920 रुपए नगद, ताश पत्ती एवं अन्य जुआ सामग्री जप्त की। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 208/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों, जुआ और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


