खैरागढ़। पीएम श्री डॉ. पदुम लाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में वार्षिकोत्सव, भूतपूर्व छात्र सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय की गौरवशाली विरासत, शिक्षा, संस्कृति और अनुशासन को समर्पित यादगार अवसर साबित हुआ। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यार्थी और भूतपूर्व छात्र उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। भगवान राम और माता सीता पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा कीं, वहीं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने विद्यालय की स्थापना वर्ष 1885 में तत्कालीन राजा उमराव सिंह द्वारा किए जाने का उल्लेख किया। मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने विद्यालय परिसर में डोम और किचन शेड निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा भूतपूर्व शिक्षकों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह से सम्मान हुआ। अंत में प्राचार्य अनुराग सिंह ने सभी अतिथियों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह प्रेरणा और गर्व के भाव के साथ संपन्न हुआ।


