खैरागढ़। जिले में इन दिनों अवैध शराब, जुआ और सट्टे के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध कारोबारियों की गतिविधियां पूरी तरह थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालांकि केसीजी पुलिस की सख्ती से ऐसे कारोबार में जुड़े लोगों पर दबाव बना है, लेकिन कई क्षेत्रों में अब भी चोरी-छिपे अवैध गतिविधियां संचालित होने की चर्चाएं हैं।
सूत्रों के अनुसार गंडई और छुईखदान क्षेत्र के कुछ अंदरूनी इलाकों में जुए का खेल अब भी जारी है। बताया जाता है कि यह गतिविधि सुनियोजित तरीके से संचालित की जा रही है, जहां आसपास ही नहीं बल्कि अन्य क्षेत्रों से भी जुआ खेलने के शौकीन लोग पहुंच रहे हैं। चर्चाओं के मुताबिक इन ठिकानों पर लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे हैं।
हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस तरह की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है कि इन गतिविधियों पर किस हद तक प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में छुईखदान पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छुईखदान-आमगांव मार्ग स्थित नहर पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को रोककर जांच की।
जांच के दौरान ग्राम उदयपुर निवासी राम यादव (30 वर्ष) और तामरत वर्मा (26 वर्ष) के कब्जे से प्लास्टिक बोरी में रखी विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.760 बल्क लीटर बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 13 हजार 640 रुपये आंका गया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
#KCGNews #Chhuikhadan #Khairagarh #PoliceAction #IllegalLiquor #CGNews #DNnews #ChhattisgarhNews

