खैरागढ़।छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने (रजत जयंती महोत्सव) के अवसर पर 03 फरवरी 2026 को पाड़ादाह वितरण केंद्र अंतर्गत बाज़ार चौक में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश वर्मा (जिला पंचायत सभापति, पाड़ादाह), अरुणा बनाफर (जिला पंचायत सभापति, मुढ़ीपार), जनपद सदस्य नंदकुमार नेताम, बिशेसर साहू (जिला भाजपा अध्यक्ष), गोरेलाल वर्मा (भाजपा मंडल अध्यक्ष) एवं तुलसी भांडेकर (सरपंच, पाड़ादाह) रहे। इनके साथ विभिन्न ग्रामों के सरपंच एवं उपसरपंच भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ की गई। स्वागत उपरांत विद्युत विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। कनिष्ठ अभियंता सतीश ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों में विद्युत विभाग की उपलब्धियों को सारगर्भित रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, घरेलू, गैर-घरेलू, बीपीएल एवं केजेजेवाय योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं की प्रक्रिया, लाभ एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल आयोजन कार्यपालन अभियंता सचिन उत्तरवार एवं सहायक अभियंता उत्तम कुमार साहू के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन में कनिष्ठ अभियंता अतुल गहरवार, छबिलाल साहू सहित समस्त स्टाफ की विशेष भूमिका रही। अंत में पौधा वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।


