रायपुर/मुंबई। हिन्दी म्यूजिक एल्बम "ऐ जिंदगी" का भव्य लोकार्पण मुंबई में पद्मश्री अनुप जलोटा एवं रेड रिबन म्यूजिक की संस्थापक लालित्य मुन्शा के हाथों संपन्न हुआ। रेड रिबन म्यूजिक द्वारा रिलीज किए गए इस एल्बम में कुल 10 गीत शामिल हैं, जिन्हें संगीतकार राज वर्मा ने संगीतबद्ध किया है। एल्बम के गीतकार एवं निर्माता मो. जाकिर हुसैन हैं।
एल्बम में सूफी, दार्शनिक, रोमांटिक और दर्द भरे गीतों का खूबसूरत संगम देखने को मिलता है। इन गीतों को प्रसिद्ध गायिका खुशबू जैन, नेहा राजपाल, अमजद बगडवा, के. नाजिम अली और अरविंद ओझा ने अपनी मधुर आवाज दी है।
मुंबई में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म, संगीत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। इनमें अभिनेता देवा, अभिनेत्री अश्विनी बी. इरोले, संगीतकार राम शंकर, शिवसेना नेता अर्जुन सलगर, निर्माता दिनेश प्रजापति, संगीतकार मो. अली, मोहन दास, अनुराग यादव, राजू राय, रमेश गुप्ता, अभिनेता सुधीर पांडेय और सागर धापटे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अनुप जलोटा ने एल्बम की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "ऐ जिंदगी" शीर्षक सुनते ही संगीत प्रेमियों को यादगार गीतों की अनुभूति होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एल्बम श्रोताओं के दिलों में अपनी खास जगह बनाएगा और लोगों की जुबान पर इसके गीत गूंजेंगे।
रेड रिबन म्यूजिक की प्रमुख लालित्य मुन्शा ने कहा कि यह एल्बम विविध भावनाओं और संगीत शैलियों का सुंदर संगम है। उन्होंने बताया कि एल्बम के सभी गीत रेड रिबन म्यूजिक के यूट्यूब चैनल एवं प्रमुख ऑडियो प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं।
गीतकार एवं निर्माता मो. जाकिर हुसैन ने कहा कि एल्बम के गीत जीवन के अनुभवों और भावनाओं से प्रेरित हैं। वहीं संगीतकार राज वर्मा ने इसे "भावनाओं और मधुर धुनों का खूबसूरत गुलदस्ता" बताते हुए श्रोताओं से भरपूर प्यार मिलने की उम्मीद जताई।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


