खैरागढ़/गंडई-पंडरिया।चौथिया कार्यक्रम से लौट रहे लोगों से भरी एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर लोहे के विद्युत पोल से जा टकराई। हादसा गंडई थाना क्षेत्र अंतर्गत कवर्धा–राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर गंडई के समीप ग्राम देवपुरा के पास रात्रि करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना में वाहन सवार 12 लोगों में से चार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो क्रमांक CG 08 BB 3367 गंडई नगर से सुबह चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने बांधा टोला, लोहारा गई थी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी लोग रात में वापस गंडई लौट रहे थे। इसी दौरान देवपुरा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे लोहे के विद्युत पोल से टकराने के बाद दो पेड़ों के बीच जा घुसा।
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर से लोहे का विद्युत पोल तिरछा हो गया और वाहन पेड़ से टकराने के बाद विपरीत दिशा में घूम गया। वाहन स्वयं मालिक चला रहा था, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना में अमन पटेल (12 वर्ष), सन्नी पटेल (20 वर्ष), करण पटेल (19 वर्ष) और जावेद खान (27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल गंडई निवासी बताए जा रहे हैं। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए बाहर रेफर किया गया है।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई के चिकित्सक डॉ. प्रशांत सोनी ने बताया कि रात्रि करीब 12 बजे सभी घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिसमें से आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चार घायलों को रेफर किया गया है। फिलहाल गंडई पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

