खैरागढ़।जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी द्वारा स्थानीय जलाराम स्वीट्स में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, अवैध नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन वादों के साथ सत्ता में आए थे, वे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार ने हर वर्ग को परेशान किया है। मजदूर, किसान और छोटे व्यापारी सभी महंगाई से जूझ रहे हैं, वहीं घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने अवैध नशे के कारोबार को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाएं, प्रतिबंधित गोलियां और सूखा नशा खुलेआम बिक रहा है और नाबालिग बच्चों तक पहुंच रहा है। पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स के 2599 प्रकरण दर्ज होने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश मामले सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए, जबकि सरकार का इंटेलिजेंस और प्रशासन मौन है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती का मामला सामने आया, जिसमें भाजपा नेताओं के संरक्षण की बात कही जा रही है। साथ ही गुजरात के मुद्रा पोर्ट के जरिए देश में ड्रग्स तस्करी का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारतद्वाज, जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, मिहिर झा, देवराज किशोर दास वैष्णव, मन्नूलाल चंदेल, भीखमचंद छाजेड़, आकाशदीप सिंह गोल्डी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


