खैरागढ़।भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बीच वार्ड क्रमांक 10 लालपुर में पानी और सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को क्षेत्रीय विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा के निर्देश पर शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने वार्ड का दौरा कर जमीनी हकीकत जानी और वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन और नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन के नेतृत्व में पहुंची टीम के सामने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने खुलकर नाराजगी जताई।
वार्डवासियों ने बताया कि पेयजल संकट गहराया हुआ है और घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे भीषण गर्मी में हालात बेहद कठिन हो गए हैं। वहीं महीनों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं तथा जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी चिंताजनक है। वहां बिजली की व्यवस्था नहीं होने से रात में उपयोग करना जोखिम भरा हो गया है, जहां सांप-बिच्छू का खतरा बना रहता है। शौचालय के पास लगे बिजली खंभे में भी बल्ब नहीं होने की शिकायत सामने आई।
वार्डवासियों ने भाजपा पार्षद पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी पात्र हितग्राहियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है और आवेदन महीनों से लंबित हैं।
इस दौरान लोगों ने लालपुर एनीकट में पानी भरवाने को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर आभार भी व्यक्त किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस लगातार वार्डों का दौरा कर रही है और समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ पुनीत वर्मा से फोन पर चर्चा कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने नगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे "कुंभकरणी नींद" में सोए हुए हैं, जिन्हें जगाने कांग्रेस मैदान में उतरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पानी, सफाई और शौचालय में बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं होतीं, तब तक कांग्रेस का जनहित आंदोलन जारी रहेगा।
दौरे के दौरान रविंद्र सिंह गहरवार, शेखर दास वैष्णव, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, कन्हैया रजक, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद यादव, नोहर मरकामडे, मंचू निषाद, देवशरण जोशी, भूपेंद्र जोशी, अशोक मेंद्री, किशोर बारले, कृपाराम सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।


