खैरागढ़, खैरागढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर विधायक निवास में आयोजित पत्रकार वार्ता में खुज्जी की पूर्व विधायक एवं जिला प्रभारी छन्नी साहू ने भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण को लेकर देशवासियों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक गलत जानकारी दी जा रही है और यह प्रचार किया जा रहा है कि कांग्रेस एवं विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन नहीं किया, जबकि सच्चाई इससे अलग है।
छन्नी साहू ने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (128वां संविधान संशोधन) सितंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद यह कानून बन गया है। इसके बावजूद इसे लागू नहीं किया जा रहा है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से सीधे तौर पर जुड़ा नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन का प्रयास किया गया। इस विधेयक में लोकसभा सीटों को 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी शामिल था, जिसे विपक्ष ने मिलकर विफल कर दिया।
छन्नी साहू ने सवाल उठाया कि जब नई जनगणना और जातीय जनगणना की बात हो रही है, तो पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सच में महिला आरक्षण लागू करना चाहती, तो वर्तमान सीटों में ही 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सकता था, जिसके लिए कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल तैयार हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला सशक्तिकरण की पक्षधर रही है। पंचायतों और नगरीय निकायों में महिलाओं को मिला आरक्षण कांग्रेस सरकारों की देन है, जिससे आज लाखों महिलाएं जनप्रतिनिधि बन सकी हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता महिला आरक्षण नहीं, बल्कि अपने अनुसार सीटों का परिसीमन करना है, और इसी कारण देश में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है।
इस दौरान जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया, जिलाध्यक्ष कोमल साहू , शहर अध्यक्ष डॉ अरुण भरतद्वाज,नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष नम्रता सिंह,जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह, उपाध्यक्ष खेमेश्वरी वर्मा,ब्लाक अध्यक्ष हेमलता ठाकुर, हेमकल्याणी तोड़े, महामंत्री लक्ष्मी सिरमौर,सरपंच महेश्वरी वर्मा,आरती यादव, किरण झा, श्रद्धा अग्रवाल, लता प्रजापति, मीरा चोपड़ा सहित कांग्रेसी उपस्थित रहे.


