राजनांदगांव।जिले में एक ही रात में तीन स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये की सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को जीवन-ए कॉलोनी निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात 3-4 अज्ञात व्यक्ति घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। इसी तरह लक्ष्मीनगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी एवं एक अन्य घर में ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं भी सामने आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना बसंतपुर एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की लोकेशन दुर्ग-भिलाई होते हुए हैदराबाद में ट्रेस की।
पुलिस टीम ने हैदराबाद पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने राजनांदगांव एवं बिलासपुर में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया।
आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण, सोने के टॉप्स, लॉकेट सहित कुल लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति एवं घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। मामले में अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस एवं सायबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से घर खाली होने की सूचना पड़ोसियों व थाना को देने की अपील की है।


