खैरागढ़। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत छुईखदान विकासखंड के ग्राम आमगांव घाट में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 943 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 941 मांग एवं 2 शिकायत से संबंधित रहे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत 44 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शिविर स्थल पहुंचकर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान संभव हो रहा है।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, भूमि पट्टा, राशन कार्ड, पशु शेड एवं नाली सफाई से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए।
विशेष गतिविधियों के अंतर्गत पंचायत विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सांकेतिक चाबी एवं 4 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सुपोषण एवं स्वच्छता किट का वितरण किया, जबकि शिक्षा विभाग ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी एवं खाद्य विभाग द्वारा भी हितग्राहियों को सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए।
शिविर में सांसद प्रतिनिधि श्री खम्हन ताम्रकार, जनपद पंचायत प्रतिनिधियों सहित जिला पंचायत सीईओ श्री प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम श्री अविनाश ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत श्रीमती केशवरी देवांगन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

