डोंगरगांव/राजनांदगांव। डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तिगाला पेट्रोल पंप के पास एक बलेनो कार से शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹3.08 लाख मूल्य की अवैध शराब एवं वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि डोंगरगांव निवासी लीलाशंकर यादव और अंकेश पटेल कार में अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने तिगाला पेट्रोल पंप, कुमरदा के पास घेराबंदी कर बलेनो कार (क्रमांक CG 08 AW 5072) को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 100 पौवा देशी सुपर-36 प्लेन शराब (लगभग दो पेटी) बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने 100 पौवा देशी शराब (कीमत लगभग ₹8,000) एवं बलेनो कार (कीमत लगभग ₹3 लाख) सहित कुल ₹3,08,000 का मशरूका जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लीलाशंकर यादव (32 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-06, डोंगरगांव तथा अंकेश पटेल (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-12, मटिया, डोंगरगांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 252/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।
डोंगरगांव पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

