खैरागढ़। नागपुर की ओर कत्लखाने ले जाए जा रहे चार भैंसों को साल्हेवारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। मवेशियों को एक पिकअप वाहन में कथित तौर पर ठूंसकर, बिना चारा-पानी के तिरपाल से ढककर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में मवेशियों को अवैध रूप से नागपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खादी स्थित आबकारी चेक पोस्ट के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप क्रमांक CG-04-LW-0483 वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो उसमें चार भैंसें बुरी तरह भरी मिलीं। पूछताछ के दौरान मवेशियों की खरीदी-बिक्री और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने वाहन से चार भैंस, पिकअप और मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 7.88 लाख रुपये बताई गई है। इसमें भैंसों की कीमत करीब 80 हजार, पिकअप की 7 लाख और मोबाइल की करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 41/2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार धुर्वे (20) निवासी नेवासपुर, थाना रेंगाखार, जिला कबीरधाम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




