खैरागढ़। आगामी गणेश विसर्जन एवं झांकी को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए KCG पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित विवाद, उपद्रव और शांति भंग की स्थिति को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे एवं संभावित उपद्रवियों को चिन्हांकित करते हुए 11 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार भोजराज पटेल उर्फ भोला, अमन रजक उर्फ फनिश, त्रिभुवन धुर्वे उर्फ मुंडा गोलू, राजा सारथी उर्फ चंदन, दिनेश साहू, मनीष यादव, सचिन रजक, पवन चंद्राकर, कृष्णा नेताम, गोपाल यादव उर्फ संजू यादव एवं विकास तापड़िया के विरुद्ध BNSS की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
गणेश विसर्जन और झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, झांकी मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों और विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है।
KCG पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी प्रकार का उपद्रव करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
KCG पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव को शांति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या उपद्रव की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और उत्सव के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें।

