खैरागढ़। केसीजी जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना ठेलकाडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन करते एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में देशी शराब लेकर ग्राम मोहारा से विचारपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने विचारपुर बाजार चौक के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
जांच के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम आशीष कुमार वर्मा (25 वर्ष), निवासी ग्राम सेम्हरा बताया। उसके पास रखे काले बैग की तलाशी लेने पर 50 पौवा देशी शराब (180 एमएल प्रत्येक) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 9 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा आरोपी से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मौके पर ही शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


