खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम जंगलपुर में सरकारी तालाब से अवैध मुरुम खनन का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत बेंदरीडीह अंतर्गत आने वाले जंगलपुर गांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से होकर गुजर रही प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार द्वारा बिना पंचायत की अनुमति के सरकारी तालाब से लगातार मुरुम निकाली जा रही है। अत्यधिक खुदाई के कारण तालाब जरूरत से ज्यादा गहरा हो चुका है, जिससे गांव के लोगों और पशुओं के लिए खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय यह गहरी खुदाई बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
विडियो देखें
https://www.facebook.com/share/v/1SZmuPQcNh/
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिस स्थान पर खुदाई की गई है, वहां पहले मनरेगा के तहत कार्य संचालित होता था, जिससे गांव के लोगों को रोजगार मिलता था। अवैध खनन के कारण अब रोजगार के अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। बताया जा रहा है कि अपर कलेक्टर ने अवैध मुरुम उत्खनन पर रोक लगाने का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि समय रहते अवैध खनन पर रोक लगती है या नहीं।


