खैरागढ़, केसीजी कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने ग्राम कटंगीकला स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम संबंधी प्रश्न पूछे और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन तथा खेलकूद संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। शिक्षकों ने उन्हें विद्यालय में बालिका शौचालय नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के अंतर्गत बालिका शौचालय का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कलेक्टर ने शिक्षकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

