खैरागढ़। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ केसीजी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना छुईखदान पुलिस ने ग्राम झुरानदी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से हार-जीत का जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम झुरानदी स्थित नदी किनारे आम बगीचा के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना छुईखदान पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पुरन वर्मा, अभिषेक वर्मा, अशोक मेश्राम, प्रदीप कुमार उके, सुनील नेताम एवं अजय रजक को जुआ खेलते हुए पकड़ा। सभी आरोपी ग्राम झुरानदी थाना छुईखदान जिला केसीजी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 2360 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जप्त किया। मामले में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 194/2026 धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उक्त कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


