नई दिल्ली। देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के मद्देनजर ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में ज्यादा परेशानी न हो, इसके लिए सरकार और बैंकिंग व्यवस्था की ओर से वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। बैंक संघों के संयुक्त मंच (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
हड़ताल से पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां पड़ रही हैं। लगातार छुट्टियों के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
RBI ने भी दी संचालन की अनुमति
ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, एटीएम से संबंधित शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की अनुमति दी है। इससे नकदी और अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
ग्राहकों की सुविधा पर जोर
वित्त मंत्रालय के अनुसार, बैंक ग्राहकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में है। लगातार छुट्टियों और प्रस्तावित हड़ताल के बीच बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल पर पुनर्विचार करने और इसे स्थगित करने की अपील भी की गई है।
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का प्रस्ताव
UFBU की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में 27 सितंबर को बैंक खोलने का निर्णय ग्राहकों को लगातार छुट्टियों के बीच जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त अवसर देगा।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही

