गंडई। झांकी कार्यक्रम देखने गए परिवार के सूने घर को निशाना बनाकर चोरी की नीयत से घुसे एक आरोपी को गंडई पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शब्बू उर्फ अब्बास खान (29 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 03, पंडरिया गंडई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात कोपेभाठा गोडवाना मैदान में झांकी कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य रात करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर कार्यक्रम देखने चले गए। बारिश शुरू होने के बाद करीब रात 11:30 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के बाहर का सांकल और ताला टूटा मिला।
घर के अंदर से खिड़की तोड़ने की आवाज आने पर परिवार ने आसपास के लोगों को सूचना दी और तत्काल डायल 112 को कॉल किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश करने पर पुलिस ने घर के भीतर मौजूद आरोपी को पकड़ लिया।
मामले में गंडई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने 13 सितंबर 2026 को दोपहर 2:10 बजे गिरफ्तार किया।
अपराध गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।




