खैरागढ़। साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कैंपस-2 स्थित ऑडिटोरियम में साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों और गणमान्यजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और समाज में साइबर जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने साइबर फ्रॉड सहित अन्य ऑनलाइन अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
मंत्री जी का बयान
https://www.facebook.com/share/r/1G5pD3QPNn/
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने कहा कि समय के साथ अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक अपराधों के साथ अब साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के बाद लक्ष्मी राजवाड़े और पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। साथ ही छात्र-छात्राओं और आमजन से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम खैरागढ़, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष खैरागढ़ गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजश्री त्रिपाठी, घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस की अपील
जागरूक बनें और सुरक्षित रहें।
अनजान लिंक, कॉल और मैसेज से सावधान रहें।
OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
“जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें।”




