खैरागढ़। छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ ने बुधवार को जिला कलेक्टर केसीजी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा पंचायत मंत्री विजय शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपकर वीबी-जी राम जी योजना में कार्यरत तकनीकी सहायकों के नियमितीकरण, समायोजन, सेवा शर्तों में सुधार और पदनाम बदलकर कनिष्ठ अभियंता किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि तकनीकी सहायक कर्मचारी पिछले करीब 20 वर्षों से मनरेगा एवं संबंधित योजनाओं में कार्य कर रहे हैं। उनके कार्यों से राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं, लेकिन लंबे समय से सेवा देने के बावजूद कर्मचारियों को नौकरी की स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संघ की प्रमुख मांगों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत वीबी-जी राम जी में कार्यरत तकनीकी सहायकों के लिए नियमित पद सृजित कर समायोजन करना, नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक ग्राम पंचायत सचिवों की तरह स्थायीकरण संबंधी सेवा नियम लागू करना तथा तकनीकी सहायक का पदनाम बदलकर कनिष्ठ अभियंता (VB-G RAM G) करना शामिल है।
ज्ञापन में योजना को मांग आधारित रोजगार योजना के बजाय लक्ष्य आधारित बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई गई। संघ का आरोप है कि तकनीकी सहायकों को मूल दायित्व के अतिरिक्त अन्य कार्यों की जिम्मेदारी दी जा रही है और लक्ष्य पूरा नहीं होने पर वेतन रोकने, कटौती अथवा सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है।
संघ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की जिम्मेदारी तकनीकी सहायकों पर डाले जाने को भी अनुचित बताया। इसके अलावा ऑनलाइन तकनीकी प्रणालियों में कार्य करने के बावजूद काम नहीं करने के आरोप लगाए जाने और समय पर वेतन नहीं मिलने की समस्या उठाई गई।
तकनीकी सहायकों ने वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रत्येक माह समय पर वेतन तथा नियमानुसार यात्रा भत्ता देने की मांग भी की। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर 13 अक्टूबर से जिलों में और 15 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में सांकेतिक हड़ताल एवं रैली की जाएगी।



