खैरागढ़। ठेलकाडीह क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थान पर शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही एक शिक्षिका और दो छात्राओं को तेज रफ्तार इको वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4 बजे की है। ठेलकाडीह स्कूल में छुट्टी होने के बाद दो छात्राएं दुगेश्वरी विश्वकर्मा और देवकी विश्वकर्मा अपनी शिक्षिका श्रीमती किरण तिवारी, निवासी राजनांदगांव के साथ बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान डुमरीडीहकला की ओर से आ रही इको वैन क्रमांक CG 07 CJ 3862 के चालक ने कथित तौर पर शराब के नशे में भीड़भाड़ वाले स्थान पर अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाते हुए शिक्षिका और दोनों बच्चियों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षिका किरण तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त इको वैन CG 07 CJ 3862 को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन चालक डोमेश्वर उर्फ दादू यादव (30 वर्ष), पिता नंदकुमार यादव, निवासी वार्ड नंबर 03 मठपारा गया नगर, थाना कोतवाली, जिला दुर्ग को 7 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 105 और 110 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब हादसे की परिस्थितियों, वाहन चालक की स्थिति और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



