खैरागढ़। जिले में अवैध सोनोग्राफी सेंटरों के संचालन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर पंचायत गंडई के सामने संचालित ए ग्रुप ऑफ बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर को सीलबंद कर दिया है। सेंटर में कथित रूप से अवैध सोनोग्राफी संचालन की शिकायत मिलने के बाद जांच की गई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं पीसीपीएनडीटी के समुचित प्राधिकारी के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में शिकायत की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई थी। समिति ने सेंटर की जांच कर अपना प्रतिवेदन जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी के समक्ष प्रस्तुत किया।
जिला सलाहकार समिति के निर्णय तथा कलेक्टर सह समुचित प्राधिकारी के आदेश के बाद गठित टीम ने आज सेंटर को सीलबंद करने की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध सोनोग्राफी संचालन पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. मनीष बघेल सहित समिति के सदस्य डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. बोधन सिंह परते एवं डॉ. विवेक बिसेन उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य और नियमों के पालन को ध्यान में रखते हुए जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत सोनोग्राफी केंद्रों के संचालन पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



