खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए छुईखदान पुलिस द्वारा जुआ खेलने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने थाना क्षेत्र के छुईखदान और ग्राम आमाघाटकादा में चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 16 जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने के लिए उपयोग में लाई गई फड़ राशि सहित कुल 7,720 रुपये नगद जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड क्रमांक 10 कनक नगर, छुईखदान में पंचू निषाद के घर के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में रूपचंद यादव, शांतिलाल निषाद, नंदलाल निषाद और बन्नू निषाद को पकड़ा गया। इनके कब्जे से ताश की पत्तियां और 2,070 रुपये नगद जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 399/2026 दर्ज किया गया।
इसी स्थान पर दूसरी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धिराजी निषाद, कुंदन निषाद, अजीत ठाकुर और विदेश चंद्राकर को जुआ खेलते पकड़ा। इनके पास से 2,350 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जब्त की गईं। इस मामले में अपराध क्रमांक 400/2026 दर्ज किया गया।
ग्राम आमाघाटकादा में भी दो कार्रवाई
पुलिस ने ग्राम आमाघाटकादा में बल्ला राम जंघेल के घर के पास जुआ खेलने की सूचना पर भी दबिश दी। पहली कार्रवाई में हुसैन कुमार जोशी, गजेन्द्र कुमार वर्मा, मुकेश पटेल और संजू मरार को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 1,750 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जब्त की गईं। इस मामले में अपराध क्रमांक 401/2026 दर्ज किया गया।
वहीं, इसी स्थान पर दूसरी कार्रवाई में पवन लोधी, ईश्वरी लोधी, भुनेश्वर पटेल और श्रवण जंघेल को जुआ खेलते पकड़ा गया। इनके पास से 1,550 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं। इस मामले में अपराध क्रमांक 402/2026 दर्ज किया गया।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने चारों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है।
छुईखदान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अवैध जुआ सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



