छुईखदान। केसीजी जिले के छुईखदान में सार्वजनिक स्थानों पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक स्टील का चाकू जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई शासकीय अस्पताल के सामने की गई। यहां विक्रम दास मानिकपुरी (30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, टिकरीपारा, छुईखदान आने-जाने वाले लोगों को अपने पास रखे चाकू को दिखाकर डरा-धमका रहा था। सूचना मिलने पर छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के कब्जे से एक स्टील का चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई छुईखदान के प्रतीक्षालय के पास की गई। यहां बिरेन्द्र नेताम (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, टिकरीपारा, छुईखदान आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने और दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के कब्जे से एक स्टील का बटनदार चाकू जब्त किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 363/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर छुईखदान स्थित जेएमएफसी न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


