खैरागढ़। जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी के तत्वावधान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर खैरागढ़ में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान “सद्भाव का संदेश, संकल्प मजबूत भारत का” के उद्देश्य से सद्भावना दौड़ आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सद्भावना दौड़ इतवारी बाजार स्थित शीतला मंदिर से रश्मी देवी पेट्रोल पंप तक आयोजित की गई। पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं रखी गई थीं। दौड़ के विजेताओं को आयोजकों एवं कांग्रेस नेताओं की ओर से नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹5,001 देवराज किशोर दास वैष्णव, द्वितीय ₹4,001 डॉ. यशेष सिंह, तृतीय पुरस्कार विजय वर्मा एवं कपिनाथ महोबिया, चतुर्थ सुनील कांत पांडेय तथा पंचम पुरस्कार ₹1,100 किशन रजक को प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को ₹501 के सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण, विचार गोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। वक्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सद्भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवराज किशोर दास वैष्णव, सुनीलकांत पांडेय, भीखमचंद छाजेड़, जितेंद्र सिंह गौर, दीपक वैष्णव, संदीप सिरमौर, रिंकू गुप्ता, चंद्रेश यदु, हेमदास बंजारे, उत्तम जंघेल, रविंद्र हगहरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।




